सत्यपाल मलिक के निधन पर नेताओं ने जताया शोक

सत्यपाल मलिक का निधन
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि मलिक ने अपने जीवन के अंतिम क्षणों तक निडरता से सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाया।
पूर्व राज्यपाल व किसान हितैषी नेता, श्री सत्यपाल मलिक जी के निधन का समाचार बेहद दुखद है।
वे बेबाक़ी और निडरता से सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाते रहे।
शोकाकुल परिवारजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। pic.twitter.com/U6PbzwUYN4
— Mallikarjun Kharge (@kharge) August 5, 2025
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सत्यपाल मलिक का निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि मलिक ने हमेशा सच्चाई को बेबाकी से प्रस्तुत किया। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मलिक के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें किसानों की आवाज बताया। प्रियंका ने कहा, 'देश के किसानों की मुखर आवाज एवं पूर्व राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।'
देश के किसानों की मुखर आवाज एवं पूर्व राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
ॐ शांति!
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 5, 2025
जानकारी के अनुसार, सत्यपाल मलिक ने मंगलवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में 1 बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली। 79 वर्षीय मलिक पिछले कुछ समय से किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। उनके निजी सचिव केएस राणा ने उनके निधन की पुष्टि की है। मलिक को 11 मई से अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही।