सफाई कर्मचारियों का जुलाना नगर पालिका में प्रदर्शन, पक्की भर्ती की मांग
सफाई कर्मचारियों ने उठाई पक्की भर्ती की मांग
- कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की उठाई मांग
जींद। नगर पालिका संघ हरियाणा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और सीटू के संयुक्त आह्वान पर शुक्रवार को जुलाना नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों ने नौ नवंबर को कुरुक्षेत्र के पीपली में आयोजित महापुकार रैली में भाग लेने का आह्वान किया।
ठेकेदारी प्रथा सफाई कर्मियों के शोषण का सबसे बड़ा कारण
प्रदर्शन से पूर्व सफाई कर्मियों ने सीटू नेता सुभाष पांचाल, सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान संजय गिल, और कर्मचारी नेता ईश्वर ठाकुर के नेतृत्व में एक रोष बैठक की। इस बैठक में सफाई कर्मियों की समस्याओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी प्रथा सफाई कर्मियों के शोषण का मुख्य कारण है, क्योंकि ठेकेदार समय पर वेतन नहीं देते हैं। भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में एक भी स्थायी भर्ती नहीं की है।
सफाई कर्मियों के वेतन में केवल 2100 रुपये की वृद्धि कर सरकार ने मजाक किया है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी सफाई कर्मचारी नौ नवंबर को पीपली पहुंचकर ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, सभी कच्चे कर्मियों को स्थायी करने, समान काम के लिए समान वेतन, एप हाजिरी समाप्त करने, और कार्यस्थल पर मृत्यु की स्थिति में 50 लाख रुपये मुआवजा व परिवार को नौकरी देने जैसी मांगों के लिए जोरदार प्रदर्शन करेंगे.
