समाजसेवी रितु कटारिया को हूल दिवस पर मिला सम्मान

समाज की प्रेरणा बनीं रितु कटारिया
- रितु कटारिया: शिक्षिका और समाजसेवी
(Gurugram News) गुरुग्राम। सेक्टर-44 के अपैरल हाउस सभागार में आयोजित हूल दिवस समारोह में रितु कटारिया को शिक्षा, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम माय होम इंडिया और वनवासी कल्याण आश्रम हरियाणा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था।
गुरुग्राम में एक प्रतिष्ठित शिक्षिका और समाजसेवी के रूप में रितु कटारिया की पहचान है। वे शिक्षा के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने, बेटियों को सशक्त बनाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए जानी जाती हैं। रितु कटारिया वर्ष 2018 में मिसेज हरियाणा का खिताब भी जीत चुकी हैं। उनकी प्रतिभा और सेवा भावना ने उन्हें महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना दिया है।
रितु कटारिया के कार्यों की सराहना
इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने रितु कटारिया के कार्यों की प्रशंसा की और उनके जज्बे को सलाम किया। उनका यह सम्मान उन मूल्यों का प्रतीक है, जिनके लिए हूल क्रांति लड़ी गई थी - स्वाभिमान, सेवा और सामाजिक चेतना।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संचालक पवन जिंदल, गुरुग्राम की महापौर राज रानी मल्होत्रा, हरियाणा डेयरी बोर्ड के अध्यक्ष रामअवतार गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील देवधर, कार्यक्रम संयोजक रविंद्र सिंह, सह-संयोजक डॉ. नवनीत गोयल, कवि राजपाल सिंह सहित कई विशिष्ट जन उपस्थित रहे।