सम्राट चौधरी बने बिहार के नए मुख्यमंत्री, जदयू से दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति
बिहार में नया मुख्यमंत्री
दिल्ली: सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है, जिससे वह इस पद पर आसीन होने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले नेता बन गए हैं। राज्यपाल अता हसनैन ने उन्हें यह शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिला है। उनके साथ जदयू के बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की है।
बिहार में हाल के दिनों में राजनीतिक हलचल तेज रही है। सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। मंगलवार (14 अप्रैल) को उन्हें बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।
आज श्री @samrat4bjp जी ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री के रूप में निष्पक्षता, समर्पण और जनसेवा के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण किया।
इस अवसर पर माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी, माननीय राष्ट्रिय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी माननीय पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व स्वास्थ्य मंत्री… pic.twitter.com/EyX6ZJm9n7
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) April 15, 2026
नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के दो नेताओं ने भी उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी को राज्यपाल ने यह पद सौंपा।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "नीतीश जी ने मुझ पर विश्वास जताया है, और हम उसी दिशा में आगे बढ़ेंगे।" वहीं, बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "हम नीतीश कुमार जी के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।"
समारोह में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा, "मैं नए मुख्यमंत्री के बनने से खुश और भावुक हूं। नीतीश जी ने मुझे 2014 में सीएम बनाया था, और मैं आज जो भी हूं, उनकी वजह से हूं।"
