सरकार ने 2,922 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी की पुष्टि की
भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी
नई दिल्ली - सरकार ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी कि अब तक 2,922 से अधिक भारतीय नाविकों (सीफेयरर्स) को सुरक्षित रूप से वापस लाया जा चुका है। इनमें से पिछले 24 घंटों में 30 नाविकों को खाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से लाया गया है। पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े अन्य संगठनों के सहयोग से नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और समुद्री गतिविधियों को सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
मंत्रालय ने बताया, "क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज से संबंधित कोई घटना नहीं हुई है। डीजी शिपिंग कंट्रोल रूम ने अब तक 8,335 कॉल्स और 17,838 से अधिक ईमेल का निपटारा किया है। पिछले 24 घंटों में 67 कॉल और 144 ईमेल प्राप्त हुए हैं।" बयान में यह भी कहा गया है कि देशभर के बंदरगाहों पर कार्य सामान्य रूप से चल रहा है और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है। विदेश मंत्रालय खाड़ी और पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखे हुए है और वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
सरकार ने बताया कि समय-समय पर नई एडवाइजरी जारी की जा रही हैं, जिनमें स्थानीय नियम, यात्रा और उड़ानों की जानकारी, कांसुलर सेवाएं और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। भारतीय दूतावास वहां रह रहे भारतीय नागरिकों और संगठनों के साथ लगातार संपर्क में है और उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है। उड़ानों की स्थिति धीरे-धीरे बेहतर हो रही है और खाड़ी क्षेत्र से भारत के लिए अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित की जा रही हैं। यूएई में सुरक्षा और संचालन के आधार पर सीमित कमर्शियल फ्लाइट्स चल रही हैं। सऊदी अरब और ओमान से भी भारत के लिए नियमित उड़ानें जारी हैं। सरकार ने बताया कि इराक का हवाई क्षेत्र सीमित उड़ानों के साथ खुला है, जिससे लोग भारत आ सकते हैं।
ईरान का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, जहां कार्गो और चार्टर्ड उड़ानें संचालित की जा रही हैं। भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी गई है और जो लोग वहां हैं, उन्हें भारतीय दूतावास की मदद से जमीनी रास्तों से वापस आने के लिए कहा गया है। अब तक तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 2,490 भारतीय नागरिकों को ईरान से जमीनी रास्तों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला है।
