सरकारी बैंकों में 50,000 नौकरियों की भर्ती की तैयारी

सरकारी नौकरी का सपना होगा साकार
नई दिल्ली। युवाओं के लिए सरकारी बैंकों में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। इससे न केवल युवाओं का सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा होगा, बल्कि लगभग 50,000 लोगों को सरकारी नौकरी भी मिलेगी। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपनी बढ़ती कारोबारी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 50,000 नई भर्तियों की योजना बनाई है। इनमें से लगभग 21,000 पद अधिकारी के होंगे, जबकि शेष क्लर्क और अन्य कर्मचारियों के लिए होंगे।
जानकारी के अनुसार, 12 सरकारी बैंकों में से सबसे बड़े कर्जदाता एसबीआई लगभग 20,000 लोगों की भर्ती करेगा। इसके अलावा, पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) इस वित्तीय वर्ष में 5,500 से अधिक कर्मचारियों की भर्ती करने की योजना बना रहा है। मार्च 2025 तक पीएनबी में कुल कर्मचारियों की संख्या 1,02,746 थी। इसी तरह, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अगले साल मार्च के अंत तक 4,000 कर्मचारियों की भर्ती करने की योजना बना रहा है।