सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नितिन नबीन को नए दायित्व पर दी बधाई
मुख्यमंत्री धामी की नितिन नबीन से मुलाकात
नई दिल्ली - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस अवसर पर, उन्होंने नबीन को उनके नए दायित्व के लिए बधाई दी। सीएम धामी ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा करते हुए लिखा, "नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से भेंट कर उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी।"
उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संगठन को सशक्त बनाने में आपके अनुभव और ऊर्जा से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। आपके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।" नितिन नबीन की नियुक्ति को भाजपा में पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। बिहार के पूर्व मंत्री नितिन नबीन को युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। यह नियुक्ति प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।
धामी ने एक अन्य पोस्ट में महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने लिखा, "महाराष्ट्र के नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर महाराष्ट्र भाजपा और एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी के जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सुशासन पर आधारित नेतृत्व पर जनता के विश्वास को दर्शाती है।"
नितिन नबीन ने भी महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन की सराहना की और एनडीए के सफल नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "महाराष्ट्र नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महायुति को मिला व्यापक जनसमर्थन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।" उन्होंने इस ऐतिहासिक विजय पर प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
