सीएम योगी ने लखनऊ से सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ किया
मुख्यमंत्री का उद्घाटन समारोह
उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी समृद्ध सनातन विरासत और आधुनिक विकास के नए युग में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सदियों के आक्रमणों के बावजूद सनातन आस्था अडिग रही है और आज यह ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ के भाव के साथ पुनः अपने स्वाभिमान के शिखर पर स्थापित हो रही है।
मुख्यमंत्री ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक पुनरुत्थान का उल्लेख करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अभियान नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा को रवाना करते हुए इसे भारत की आस्था, एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अपनी गौरवशाली विरासत के साथ-साथ आधुनिक विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि भारत के शास्त्रों के अनुसार आत्मा अजर-अमर है, उसी तरह सनातन आस्था भी इस अजर-अमर पथ का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति पर सदियों से हमले होते रहे हैं, लेकिन हमलावर भारत की आस्था को न तो तोड़ पाए और न ही झुका पाए। लगभग 1000 वर्ष पहले, द्वादश ज्योतिर्लिंगों में देवाधिदेव महादेव के पहले ज्योतिर्लिंग सोमनाथ पर विदेशी आक्रांता महमूद गजनवी ने कायराना हमला किया।
आक्रांताओं ने भारत की धन-संपत्ति लूटी और मंदिरों को अपवित्र किया, लेकिन भारत के सनातन धर्म की अटूट आस्था भगवा पताका के साथ मजबूती से खड़ी रही। आज 1000 वर्ष बाद, जब हम देखते हैं तो भारत की सनातन आस्था पूरी दृढ़ता से विश्व के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रही है। यही है ‘यतो धर्मस्ततो जयः’ का शंखनाद।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र भारत में हर भारतवासी की यह अभिलाषा थी कि देश को केवल राजनीतिक स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक स्वाधीनता भी प्राप्त हो। इसके लिए लगातार प्रयास किए गए। सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर की दुर्दशा देखकर संकल्प लिया था कि इस मंदिर का पूर्ण जीर्णोद्धार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कार्य आजाद भारत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया, उसी अभियान को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा रहा है। यह कार्यक्रम भारत के स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज जैसे पावन स्थल पूरे देश को अपनी ओर खींच रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश से 1000 से अधिक श्रद्धालु भगवान सोमनाथ धाम के दर्शन के लिए गुजरात की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आभारी हैं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं को इस यात्रा के लिए चुना है। रेलवे इन श्रद्धालुओं को मुफ्त ट्रेन उपलब्ध करा रहा है, जबकि बाकी खर्च पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उठा रहा है।
