Newzfatafatlogo

सीएम रेखा गुप्ता ने भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया, प्रेरणा केंद्र का उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के शहीद दिवस पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया और ऐतिहासिक कोर्ट ट्रायल रूम का उद्घाटन किया। यह स्थल अब एक प्रेरणा केंद्र बन गया है, जहां युवा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष को जान सकेंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के महत्व और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा पर जोर दिया। जानें इस ऐतिहासिक स्थल के बारे में और कैसे यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
 | 
सीएम रेखा गुप्ता ने भगत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया, प्रेरणा केंद्र का उद्घाटन

भगत सिंह का मुकदमा स्थल अब प्रेरणा केंद्र

  • जहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह का मुकदमा चला, वह स्थल अब बना प्रेरणा केंद्र: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
  • सरदार भगत सिंह के ‘ट्रायल रूम’ का पुनरुद्धार, आने वाली पीढ़ियां लेंगी राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा: सीएम रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के शहीद दिवस के अवसर पर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित आरसीएस कार्यालय में उनकी भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही, परिसर में पुनर्निर्मित ‘ऐतिहासिक कोर्ट ट्रायल रूम’ का उद्घाटन भी किया गया। यह वही ऐतिहासिक स्थल है, जहां स्वतंत्रता संग्राम के दौरान शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव पर मुकदमा चलाया गया था।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री मनजिंदर सिंह सिरसा, श्री रविंद्र इंद्राज सिंह, श्री कपिल मिश्रा, और शहीद भगत सिंह के पोते श्री यादविंदर सिंह संधू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 23 मार्च का दिन पूरे देश के लिए गर्व और भावनात्मक स्मरण का अवसर है। यह दिन हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल का संरक्षण और पुनरुद्धार केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि राष्ट्र की विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे आने वाली पीढ़ियां स्वतंत्रता संग्राम के उस गौरवशाली इतिहास को समझ सकेंगी। उन्होंने सभी भारतीयों से इस स्थल का भ्रमण करने का आग्रह किया, ताकि वे स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष को निकट से अनुभव कर सकें। शहीद भगत सिंह की यह प्रतिमा युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने की प्रेरणा देती रहेगी।


समाज कल्याण एवं सहकारिता मंत्री श्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने कहा कि जहां कभी इंकलाब के नारे गूंजा करते थे, वहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की पेशी हुआ करती थी। उन ऐतिहासिक पलों से जुड़े तथ्यों को हमने सहेजने का प्रयास किया है। आज यहां उनकी प्रतिमा स्थापित कर न केवल उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई है, बल्कि देशवासियों विशेषकर युवाओं को एक ऐसा प्रेरणास्थल भी दिया गया है, जहां वे आकर भगत सिंह के जीवन, उनके विचारों और बलिदान को करीब से जान सकें।


शहीद दिवस के अवसर पर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा परिसर में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भारती के इन अमर सपूतों का साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति हर पीढ़ी को कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव एक अमिट प्रेरणा बना रहेगा।