सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया का भव्य रिटेल क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम
रिटेल बैंकिंग को बढ़ावा देने की पहल
नई दिल्ली - सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने दिल्ली उत्तर क्षेत्र में रिटेल बैंकिंग को प्रोत्साहित करने और ग्राहकों को त्वरित वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए एक भव्य “रिटेल क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के दौरान, विभिन्न रिटेल ऋण योजनाओं के तहत कुल 114 ग्राहकों को ₹123 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री ई. रतन कुमार, कार्यपालक निदेशक, केंद्रीय कार्यालय, मुंबई थे। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग, त्वरित ऋण स्वीकृति और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक बैंकिंग सुविधाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्राहकों से आग्रह किया कि वे बैंक की विभिन्न रिटेल योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक प्रगति में योगदान दें।
इस कार्यक्रम में श्री तरसेम सिंह, जीरा अंचल प्रमुख, दिल्ली ने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को सरल, पारदर्शी और त्वरित बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करना है। रिटेल ऋण के माध्यम से लोगों के घर, वाहन, शिक्षा और व्यक्तिगत आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करना बैंक की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास और संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
दिल्ली उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री रणधीर सिंह ने बताया कि बैंक ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुसार आकर्षक ब्याज दरों और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से विभिन्न रिटेल ऋण योजनाएँ उपलब्ध करा रहा है।
इस अवसर पर कई प्रसिद्ध बिल्डर्स और डीएसए भी उपस्थित थे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले डीएसए को माननीय कार्यपालक निदेशक द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण और अन्य रिटेल ऋण योजनाओं से संबंधित जानकारी भी ग्राहकों को दी गई। बड़ी संख्या में ग्राहकों, उद्यमियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम स्थल पर साइबर सुरक्षा जागरूकता, उद्यम रजिस्ट्रेशन, खाता खोलना, बीमा, सामाजिक सुरक्षा योजना, सीकेवाईसी/री-केवाईसी, अपनी पूँजी - अपना अधिकार, रजिस्ट्रेशन काउंटर, बिल्डर्स हेल्प डेस्क, और मेडिकल सुविधा जैसी सेवाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर भी स्थापित किए गए थे।
सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया भविष्य में भी वित्तीय समावेशन और ग्राहक सेवा को प्राथमिकता देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रयासरत रहेगा।
