स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा में अभियान की शुरुआत

हरियाणा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान
चंडीगढ़- हरियाणा के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना है। इस पहल के तहत 16 विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका लक्ष्य जनता को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
बड़ौली ने कहा कि राज्य सरकार जनता की भलाई के लिए कार्यरत है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ो लक्ष्मी योजना को प्रदेश की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार बताया। इसके साथ ही, उन्होंने बताया कि बाढ़ और बारिश से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने सेवा पखवाड़ा में कार्यरत सभी कार्यकर्ताओं की सराहना की और कहा कि यह अभियान तीन महीनों तक चलेगा। 25 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान में उद्योग सम्मेलन, नुक्कड़ नाटक, किसान मार्च, रथ यात्रा और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम शामिल होंगे। उन्होंने जनता से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और भारतीय उत्पादों का प्रचार करने की अपील की।
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की प्रभारी एवं भाजपा राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर ने कहा कि एक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश आत्मनिर्भर बने। उन्होंने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर से प्रारंभ होगा और तीन महीनों तक चलेगा। इसके अंतर्गत प्रेस वार्ता, मंडल और जिला स्तर की कार्यशालाएं, प्रतियोगिताएं, महिला एवं युवा सम्मेलन, स्ट्रीट वेंडर एवं स्थानीय कारीगर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता को जागरूक करना और उन्हें स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए प्रेरित करना है।