हरियाणा के नूंह में पुलिस टीम पर हमला, 13 गिरफ्तार

नूंह में पुलिस पर हमला
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले के इंदाना गांव में चोरों को पकड़ने गई सीआईए टीम पर हमला हुआ। आरोपियों के परिवार वालों ने पुलिस पर पथराव किया और अवैध हथियारों से फायरिंग भी की। इस स्थिति में पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में सन्नाटा छा गया। बिछोर पुलिस ने इस मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस इंदाना गांव में आरोपियों को पकड़ने गई थी, जिनके खिलाफ आंध्र प्रदेश, पंजाब और अन्य स्थानों पर मामले दर्ज हैं। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, उनके परिजन और आरोपी मिलकर फायरिंग करने लगे। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए।
इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष वहां इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम पर पथराव करने लगे। भीड़ ने पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें तुरंत सीएचसी पुन्हाना में भर्ती कराया गया। बाद में पुलिस ने चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन महिलाओं समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।