हरियाणा को 825 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा: अमित शाह

हरियाणा में विकास की नई लहर
- गृह मंत्री अमित शाह ने रिमोट का बटन दबाकर परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का विकास हो रहा है।
- अमित शाह ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना की।
डॉ. राजेश वधवा, कुरुक्षेत्र। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कुरुक्षेत्र में 825 करोड़ रुपए की लागत से 19 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें 262 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से पांच नर्सिंग कॉलेज, जींद में पुलिस लाइन के 84 आवास, नारनौल में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह और 562 करोड़ 49 लाख की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
शुक्रवार को केडीबी मेला क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री ने एक साथ 19 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित थे। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के तहत हरियाणा में सबका साथ, सबका विकास की नीति को अपनाया जा रहा है।
कुरुक्षेत्र के गांव खेड़ी रामनगर में 44.40 करोड़ रुपए से, कैथल के गांव धेरडू में 43.97 करोड़ रुपए से, पंचकूला के गांव खेडावाली में 39.13 करोड़ रुपए से, फरीदाबाद के गांव दयालपुर में 45 करोड़ रुपए से और अरूआ में 47.44 करोड़ रुपए से नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन किया गया।
इसके अलावा, जेएलएन फिडर और बीएसबी नहर पर 12.03 करोड़ रुपए से दो लेन पुल का उद्घाटन किया गया। जींद में पुलिस लाइन में 42 टाइप-2, 36 टाइप-3 और 6 टाइप-2 मकानों का उद्घाटन किया गया।
अमित शाह ने करनाल में 100 बिस्तरों वाले अस्पताल, सोनीपत में मातृ एवं शिशु ब्लॉक नागरिक अस्पताल और नूंह में मातृ एवं शिशु ब्लॉक अस्पताल का शिलान्यास किया।
इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री अनिल विज, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री डॉ अरविन्द शर्मा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।