हरियाणा में गर्मी का कहर: 45 डिग्री तक पहुंचा तापमान, राहत की उम्मीद 14 जून से

हरियाणा में मौसम का हाल
हरियाणा में मानसून से पहले गर्मी ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया है। लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने आज हरियाणा के पांच जिलों - सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में लू के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य क्षेत्रों में येलो अलर्ट रहेगा।
तापमान में बढ़ोतरी
पिछले तीन दिनों से हरियाणा में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। पहले तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा, फिर 42 डिग्री और आज यह 45 डिग्री को भी पार कर गया है। सिरसा में तापमान 46.4 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम की भविष्यवाणी
मौसम विभाग ने 13 जून तक इसी तरह के मौसम की संभावना जताई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 13 जून तक मौसम सामान्यतः खुश्क रहने की उम्मीद है।
हवाओं का प्रभाव
डॉ. खीचड़ ने कहा कि 13 जून तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है, जो गर्म और खुश्क होंगी, जिससे दिन के तापमान में वृद्धि होगी। इस दौरान हल्के बादल और धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है। 14 जून को हवाओं में बदलाव की उम्मीद है, जिससे वातावरण में नमी बढ़ेगी और आंशिक बादलवाई आ सकती है।
आगामी मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग ने 10 से 13 जून तक सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।