हरियाणा में जनगणना का अंतिम दिन, नागरिकों से भागीदारी की अपील
हरियाणा में जनगणना की प्रक्रिया
चंडीगढ़ - हरियाणा के निदेशक जनगणना, डॉ. ललित जैन ने सभी हरियाणावासियों से अनुरोध किया है कि आज स्वयं जनगणना (Self Enumeration) का अंतिम दिन है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और अपनी जनगणना सुनिश्चित करें। अब तक, हरियाणा में 2 लाख 45 हजार से अधिक परिवारों ने स्वयं जनगणना कर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है, जो राज्य में जनभागीदारी और जागरूकता का प्रतीक है। विशेष रूप से युवाओं में इस प्रक्रिया के प्रति उत्साह देखने को मिला है।
स्वयं जनगणना एक सरल प्रक्रिया है, जिसे 5-7 मिनट में se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर पूरा किया जा सकता है। डॉ. जैन ने बताया कि 1 मई से राज्यभर में वास्तविक हाउस लिस्टिंग और जनगणना संचालन शुरू होने जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) के साथ सहयोग करें और उन्हें सही, सटीक और अद्यतन जानकारी प्रदान करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और इसे किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा। डॉ. जैन ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक देश के विकास, नीतिनिर्धारण और संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि जनगणना कर्मियों को आवश्यक जानकारी देने से इनकार करना या सहयोग न करना जनगणना अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
डॉ. जैन ने राज्य के सभी जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी जिलों ने जनगणना संचालन के लिए व्यापक और उत्कृष्ट तैयारियाँ की हैं। उन्होंने कहा कि प्रगणक और पर्यवेक्षक जनगणना प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विभाग उनके साथ पूरी तरह से खड़ा है।
यदि किसी प्रगणक, पर्यवेक्षक या नागरिक को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, जनगणना विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1855 भी जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक, प्रगणक या पर्यवेक्षक अपनी समस्या दर्ज करा सकता है। प्रत्येक शिकायत या समस्या पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
