हरियाणा में धान की खरीद 23 सितंबर से शुरू होने की संभावना

धान की खरीद के लिए किसानों का प्रदर्शन
सामान्य धान की कीमत 2,369 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान की कीमत 2,389 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है।
Paddy Procurement Haryana, चंडीगढ़: हरियाणा में किसान धान और बाजरे की खरीद को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। करनाल में किसानों ने धान खरीद के लिए एक दिन का उपवास भी रखा। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने धान की खरीद जल्द शुरू करने का निर्णय लिया है। अनुमान है कि हरियाणा में 23 सितंबर से धान की खरीद प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य
भारत सरकार ने धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा कर दी है। इसके अनुसार, हरियाणा में सामान्य धान 2,369 रुपए प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान 2,389 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। नीति के अनुसार, टूटा चावल ग्रेड ए और सामान्य में अधिकतम 25 प्रतिशत होगा। राज्य में 1445 वर्किंग चावल मिलें हैं।
चावल मिलर्स के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य
सीएमआर कार्य करने के लिए सभी चावल मिलर्स को संबंधित जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के पास रजिस्ट्रेशन कराना आवश्यक होगा, ताकि वे ई-खरीद पोर्टल पर धान की कस्टम मिलिंग के लिए पात्र हो सकें। रजिस्ट्रेशन के लिए प्रति मिल 3,000 रुपए का शुल्क देना होगा, जो एक साल के लिए मान्य होगा।
मिलिंग नीति 2025-26 को मिली मंजूरी
राज्य सरकार ने धान खरीद के लिए मिलिंग नीति 2025-26 को मंजूरी दे दी है। इस नीति के तहत यदि ठेकेदार समय पर धान का उठान नहीं करता है, तो राइस मिलर्स धान उठा सकेंगे। इसमें होने वाले खर्च का भुगतान हरियाणा सरकार करेगी।
हरियाणा की मंडियों में धान की संभावित आवक
पॉलिसी के अनुसार, धान की खरीद एक अक्टूबर से 15 नवंबर 2025 तक होगी। हालांकि, राज्य सरकार ने पहले खरीद की अनुमति केंद्र सरकार से मांगी हुई है। बताया जा रहा है कि 22 या 23 सितंबर से धान की खरीद शुरू की जा सकती है। कृषि विभाग के पूर्व अनुमानों के अनुसार, हरियाणा की मंडियों और खरीद केंद्रों में लगभग 84 लाख मीट्रिक टन धान की आवक होने की संभावना है।