हरियाणा में बारिश का अलर्ट: 5 जिलों में हो रही है बारिश

हरियाणा में मौसम विभाग का बारिश का अलर्ट
चंडीगढ़ से मौसम की ताजा जानकारी: हरियाणा के पानीपत, झज्जर, रेवाड़ी, जींद और सोनीपत में आज सुबह से बारिश हो रही है। अंबाला, करनाल और कुरुक्षेत्र में भी बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत और झज्जर में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम हो गया है। सोमवार को सिरसा में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जून में सामान्य से 30 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
5 जुलाई तक मौसम में परिवर्तनशीलता
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून टर्फ की उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, दिल्ली, फतेहगढ़, सीधी, जमशेदपुर से होकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस कारण बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं राज्य की ओर आ रही हैं और राजस्थान में एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन बनने से अरब सागर से भी नमी वाली हवाएं आने की संभावना है। इन मौसमी गतिविधियों के चलते हरियाणा में 5 जुलाई तक मौसम सामान्यतः परिवर्तनशील रहने की उम्मीद है।