हरियाणा में मौसम में अचानक बदलाव, आंधी और बारिश का अलर्ट
हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला
कुरुक्षेत्र, 30 अप्रैल। हरियाणा में गर्मी और लू के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार दोपहर बाद प्रदेश के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। करनाल और कुरुक्षेत्र में तेज आंधी के साथ भारी ओलावृष्टि हुई, जिससे सड़कों पर सफेद परत जम गई। वहीं, सोनीपत, पानीपत, कैथल और पंचकूला में दोपहर में हुई तेज बारिश ने तापमान को नीचे गिरा दिया। दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे बेल्ट के जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्मी से राहत दी।
अंबाला-यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट
अंबाला-यमुनानगर में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए अंबाला और यमुनानगर सहित कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार, 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में दस्तक देगा, जिसका प्रभाव 5 मई तक रहेगा। इस दौरान गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद जैसे एनसीआर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे बिजली कड़कने और तेज आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और मंडियों में खुले में रखे अनाज को ढककर रखें।
तापमान का हाल
तापमान का गणित
तापमान के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। गुरुवार को प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 20.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में रात का तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया। बुधवार और गुरुवार को हुई बारिश के कारण औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट आई है, जिससे यह सामान्य से 1.9 डिग्री कम रहा। नूंह का बोपानी क्षेत्र 38.7 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जबकि हिसार (38.6), सिरसा (38.2) और भिवानी (37) में तापमान सामान्य के करीब या उससे नीचे बना रहा।
गर्मी में फिर आएगा बदलाव
फिर बढ़ेगी गर्मी, फिर आएगा विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पारे में 2 से 3 डिग्री की अस्थायी वृद्धि हो सकती है। राहत की बात यह है कि 2 मई से फिर से सक्रिय होने वाले मौसमी तंत्र के कारण तापमान में गिरावट आएगी। नारनौल और हिसार जैसे गर्म जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहावना बना दिया है। आने वाले चार-पांच दिनों में प्रदेशवासियों को लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
