अनुराग ढांडा ने धनौरी में कबड्डी कप में युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया
धनौरी में कबड्डी कप का आयोजन
कैथल - आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने अपने पैतृक गांव धनौरी में आयोजित “जय बाबा खैरनाथ कबड्डी कप-1” में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन जय बाबा खैरनाथ स्टेडियम कमेटी द्वारा किया गया, जहां गांववासियों और आयोजन समिति ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने गांव की मिट्टी पर खिलाड़ियों को खेलते देख अनुराग ढांडा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि धनौरी से उनका गहरा भावनात्मक संबंध है और यहां के युवाओं को खेलते देख उन्हें अपने बचपन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की भूमि है, जहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का नाम रोशन किया है।
अनुराग ढांडा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक हैं। यदि युवाओं को उचित अवसर, मैदान, आधुनिक सुविधाएं और संतुलित आहार मिले, तो वे प्रदेश और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से खिलाड़ियों के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने यह भी कहा कि खेल नशे के खिलाफ एक प्रभावी हथियार हैं। जब युवा मैदान में पसीना बहाते हैं, तो वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हैं। उन्होंने पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा खेलों के प्रोत्साहन और नशा विरोधी अभियान की सराहना की, यह कहते हुए कि वहां खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है और युवाओं को सकारात्मक दिशा दी जा रही है। यह मॉडल पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।
अनुराग ढांडा ने धनौरी गांव के युवाओं को आश्वासन दिया कि वे खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए संसाधनों, मार्गदर्शन और मंच की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। आयोजन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करते हैं। अंत में, उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ और सशक्त समाज निर्माण में योगदान दें। इस अवसर पर गांव के सरपंच कपिल ढांडा, दिलबाग सिंह और कई ग्रामीण तथा बाबा खैरनाथ आयोजन समिति के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
