अमृतसर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी को नाकाम किया
गोल्डी ढिल्लों से जुड़े हैं आरोपी
अमृतसर : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने दो 9 एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन को बरामद कर अवैध हथियारों की तस्करी की योजना को विफल कर दिया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये हथियार कुख्यात गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों से जुड़े हैं। ये हथियार राज्य में आपराधिक और देश विरोधी गतिविधियों के लिए सप्लाई किए जा रहे थे। डीजीपी ने कहा कि फरार आरोपियों की पहचान और पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।
गुप्त सूचना पर आधारित कार्रवाई
कमिश्नर ऑफ पुलिस (सीपी) अमृतसर, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरु की वडाली और छेहरटा क्षेत्र में नाका लगाया। पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे भागने लगे। भागते समय उनका एक किट बैग गिर गया, जिसमें से दो अवैध 9 एमएम सब-मशीन गन और एक खाली मैगजीन बरामद हुई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों हत्या, डकैती, हत्या के प्रयास, अपहरण, दंगा, जबरन वसूली और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे गंभीर अपराधों में शामिल है। पुलिस ने गोल्डी और उसके तीन साथियों के खिलाफ नामजद किया है और फरार मोटरसाइकिल सवारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
