अमृतसर में नशा तस्करी का भंडाफोड़, विदेशी नागरिक समेत तीन गिरफ्तार

पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
पकड़े गए आरोपियों में एक विदेशी नागरिक शामिल
अमृतसर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण मामला उजागर किया है, जिसमें एक नाइजीरियाई नागरिक शामिल है। यह व्यक्ति दिल्ली से हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थ लाकर अमृतसर में बेच रहा था। इसके साथ दो स्थानीय युवक भी थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में नाइजीरिया का कोलिन्स, 21 वर्षीय ईशप्रीत सिंह और 28 वर्षीय अखिलेश विज शामिल हैं। पुलिस ने इनसे 112 ग्राम कोकीन और एक पिस्तौल बरामद की है।
नशे के नेटवर्क का संचालन
आरोपी दिल्ली के मरोली से ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। वह अपने ग्राहकों से व्हाट्सएप के जरिए संपर्क में रहता था और अमीर परिवारों को नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। जांच में पता चला कि कोलिन्स ड्रग्स लाकर उत्तर भारत में अपने स्थानीय संपर्कों के माध्यम से बेचता था। उसके साथी, अखिलेश और ईशप्रीत, इसे आगे सप्लाई करने का कार्य करते थे। ये आरोपी अमीर परिवारों को निशाना बनाते थे और कोकीन को 20,000 रुपये प्रति ग्राम तक बेचते थे।
एक किलो हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार
एक अन्य मामले में पुलिस ने गुरप्रीत सिंह (27), रवि कुमार उर्फ जग्गू (28) और शाम सिंह उर्फ राहुल (21) को गिरफ्तार किया। इनसे एक किलो हेरोइन और 8.1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मुख्य आरोपी कोलिन्स 2023 में अपने बेटे के इलाज के लिए भारत आया था। बेटे के लौटने के बाद वह बिना वैध दस्तावेजों के यहीं रहने लगा और नशे का धंधा शुरू कर दिया।