इंडोनेशिया में भूस्खलन से मृतकों की संख्या 23 हुई
भूस्खलन के बाद बढ़ी मृतकों की संख्या
इंडोनेशिया के जावा द्वीप के दो क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण मलबे में दबे लोगों की खोज के दौरान और शव मिलने से मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। यह जानकारी अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने बताया कि सेंट्रल जावा प्रांत के चिलाकप जिले में बचावकर्मियों ने लगभग दो दर्जन खुदाई मशीनों का उपयोग करते हुए मलबे को हटाकर बुधवार को चार शव बरामद किए। पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के कारण तीन गांवों में भूस्खलन हुआ था, जिससे कई मकान प्रभावित हुए।
स्थानीय अधिकारियों ने जानकारी दी कि भूस्खलन के लिए संवेदनशील क्षेत्र से 296 मकानों को अगले छह महीनों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा, नए स्थान मिलने तक प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह 36 अमेरिकी डॉलर का मुआवजा दिया जाएगा।
बचावकर्मियों ने बुधवार को सेंट्रल जावा के एक अन्य क्षेत्र में हुए भूस्खलन से भी एक शव निकाला, जिससे वहां मृतकों की संख्या तीन हो गई। इंडोनेशिया में मौसमी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।
