उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर: 26 जिलों में हीटवेव की चेतावनी
गर्मी से बेहाल यूपी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अत्यधिक गर्मी लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार को प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र सहित 26 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर जैसे स्थानों पर उष्ण रात्रि का भी अनुमान है, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
तापमान की स्थिति
सोमवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक है। वाराणसी में तापमान 44 डिग्री रहा, जबकि हमीरपुर में 27.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात का अनुभव हुआ।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुष्क पछुआ हवाओं और मौसमी प्रभाव के कारण कई जिलों में लू चलने की स्थिति बन गई है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
लू की चेतावनी वाले जिले
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में लू की चेतावनी है।
उष्ण रात्रि की संभावना वाले जिले
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में उष्ण रात्रि की संभावना है।
