उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव, तेज हवाओं के साथ बारिश
मौसम में अचानक परिवर्तन
लखनऊ। रविवार की सुबह से उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चलने लगी हैं, जिससे मौसम में अचानक बदलाव आया है। राजधानी लखनऊ और आस-पास के क्षेत्रों में रात के समय हल्की बारिश भी हुई। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई और आसमान में घने बादल छा गए। गरज के साथ हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है और ठंड का अहसास भी होने लगा है। मौसम विभाग ने पहले से ही रविवार की सुबह से मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान जारी किया था। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह अच्छी बारिश हुई। गाजियाबाद, नोएड़ा और हापुड़ के कुछ इलाकों में बारिश देखी गई।
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में तड़ित झंझावात के साथ ओलावृष्टि की सम्भावना जताई जा रही है।
कृषि पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी पढ़ें
@spshahibjp @BaldevAulakh @myogiadityanath @narendramodi @UPGovt @CMOfficeUP pic.twitter.com/j2tGbFcYdM
— Krishi Vibhag Gov UP (@jdabureau) March 15, 2026
अमरोहा में आज सुबह से काले बादल छाए रहे और तेज हवा के साथ बारिश हुई। रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया है। हालांकि, बारिश और तेज हवा के कारण पकने की कगार पर खड़ी गेहूं और सरसों की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। एटा जिले में आज सुबह तेज हवाओं और बूंदाबांदी के साथ तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 मार्च से प्रदेश के तराई क्षेत्रों और पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में इस सीजन की पहली बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 40 डिग्री पार कर गए तापमान में गिरावट का दौर शनिवार से शुरू हुआ है, जो मंगलवार तक जारी रहने की उम्मीद है। शनिवार को प्रदेश में कई स्थानों पर एक से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। प्रदेश में बांदा में सबसे अधिक तापमान 38.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि उरई में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में रविवार और सोमवार को हल्की बारिश की संभावना है।

