उत्तर भारत में घने कोहरे और ठंड का कहर, दिल्ली में 129 उड़ानें रद्द
मौसम विभाग की चेतावनी: ठंड और कोहरे में वृद्धि
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और उत्तरी भारत के अन्य हिस्से इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से प्रभावित हैं। तापमान में गिरावट जारी है, जिससे ठंडी हवाएं लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड और कोहरा और बढ़ेगा। जम्मू-कश्मीर और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे मैदानों में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। इस ठंड के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग प्रभावित हो रहे हैं।
सड़क और हवाई यातायात पर असर
घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। धुंध के कारण राजमार्गों पर वाहनों की गति धीमी हो गई है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई ट्रेनें भी घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
हवाई यातायात पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ा है। दिल्ली में 129 उड़ानें रद्द की गई हैं, जिनमें 63 प्रस्थान और 66 आगमन वाली उड़ानें शामिल हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरलाइनों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलें।
हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी की संभावना
कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड का चिल्लेकलां रविवार से शुरू हो रहा है। शनिवार को श्रीनगर का तापमान शून्य से नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश, कश्मीर घाटी और लद्दाख में तापमान में गिरावट आई है। अगले 24 घंटों में बारिश और भारी बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों, विशेषकर पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का प्रभाव बढ़ गया है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस ठंड और कोहरे का फसलों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा, जिससे गेहूं, सरसों और चने का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है।
