एमएफ हुसैन की पेंटिंग्स की नीलामी पर विवाद, हिंदू जनजागृति समिति ने दी चेतावनी

एमएफ हुसैन की पेंटिंग्स की नीलामी का विवाद
एमएफ हुसैन पेंटिंग नीलामी: 12 जून को मुंबई के हैमिल्टन हाउस में 'पंडोल आर्ट गैलरी' में एमएफ हुसैन की 25 पेंटिंग्स की नीलामी होने वाली है। इस पर विवाद होना निश्चित है। हिंदू जनजागृति समिति ने इस नीलामी के खिलाफ मोर्चा खोला है। समिति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, मुंबई पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर इस नीलामी पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि नीलामी नहीं रोकी गई, तो हिंदू समाज सड़कों पर उतर आएगा। समिति का कहना है कि 'रेप ऑफ इंडिया' जैसे चित्र के रचयिता को महिमामंडित करने का क्या औचित्य है?
समिति ने यह भी सवाल उठाया है कि “जिस व्यक्ति ने भारत माता को 'रेप ऑफ इंडिया' जैसी अश्लील और अपमानजनक तस्वीर में दर्शाया, उसे कला का मसीहा कैसे माना जा सकता है?” एमएफ हुसैन पर आरोप है कि उन्होंने न केवल भारत माता का विकृत चित्रण किया, बल्कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हुए चित्र बनाए, जिससे करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची। इसके अलावा, भारत माता के शरीर पर भारत के शहरों के नाम लिखकर भी उन्हें अपमानित किया गया।
1250 से अधिक शिकायतें, हुसैन को देश छोड़ना पड़ा
यह ध्यान देने योग्य है कि विवादों के कारण हुसैन के खिलाफ देशभर में 1250 से अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं। उनके प्रदर्शनों का हर जगह विरोध हुआ। हालात इतने बिगड़ गए कि हुसैन को भारत छोड़कर कतर की नागरिकता लेनी पड़ी। हिंदू जनजागृति समिति का स्पष्ट कहना है कि “इस नीलामी के माध्यम से राष्ट्रविरोधियों को अप्रत्यक्ष समर्थन दिया जा रहा है। कलात्मक स्वतंत्रता के नाम पर यदि कोई धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए, न कि समर्थन।”
पेंटिंग्स को जब्त करने के आदेश
हाल ही में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने हुसैन की पेंटिंग्स को जब्त करने का आदेश दिया है। पहले भी उनकी कई प्रदर्शनियां रद्द हो चुकी हैं और पुरस्कार भी छीने जा चुके हैं। समिति की मांग है कि 12 जून को होने वाली नीलामी पर तुरंत रोक लगाई जाए। सभी आपत्तिजनक चित्रों को राष्ट्रविरोधी घोषित कर नष्ट किया जाए। इसके साथ ही इस नीलामी में शामिल कलाकारों, आयोजकों और गैलरियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली किसी भी सामग्री के प्रचार-प्रसार पर सख्ती से रोक लगाई जाए। हुसैन का जन्म 17 सितंबर 1915 को महाराष्ट्र के पंढरपुर में हुआ था और उनका निधन 9 जून 2011 को लंदन में हुआ।