एयरटेल का नया ऑफर: सभी पोस्टपेड प्लान्स पर अनलिमिटेड डेटा
एयरटेल का शानदार तोहफा
नई दिल्ली: देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम सेवा प्रदाता एयरटेल ने अपने ग्राहकों के लिए एक बड़ा तोहफा पेश किया है। कंपनी ने अपने सभी पोस्टपेड योजनाओं पर अनलिमिटेड डेटा देने की घोषणा की है। पहले यह विशेष ऑफर कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित था, लेकिन अब इसे पूरे देश में लागू कर दिया गया है। एयरटेल का यह कदम अपने एआरपीयू (ARPU) को बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि अधिक ग्राहक प्रीपेड से पोस्टपेड योजनाओं की ओर आकर्षित हो सकें।
449 रुपये का बेस प्लान
एयरटेल के पोस्टपेड प्लान की शुरुआती कीमत 449 रुपये है, जिस पर 18 प्रतिशत जीएसटी अलग से देना होता है। इस प्लान में एक महीने की वैधता के साथ सामान्यतः 50GB डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और प्रतिदिन 100 एसएमएस शामिल होते हैं। नए ऑफर के तहत, अब उपयोगकर्ताओं को अनलिमिटेड डेटा प्राप्त होगा, हालांकि इसमें 30 दिनों के लिए 300GB की फेयर यूसेज पॉलिसी (FUP) लागू होगी। इसके अतिरिक्त, ग्राहकों को 100GB गूगल वन (Google One) क्लाउड स्टोरेज, तीन महीने का जियो-हॉटस्टार मोबाइल सब्सक्रिप्शन, एक साल का एडोब प्रीमियम और एयरटेल एक्सस्ट्रीम प्ले का मुफ्त एक्सेस भी मिलेगा।
699 रुपये का फैमिली प्लान
सिंगल यूजर के अलावा, एयरटेल का 699 रुपये से शुरू होने वाला फैमिली पोस्टपेड प्लान भी इस नए अनलिमिटेड डेटा ऑफर में शामिल होगा। इस प्लान पर भी 18 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त लगता है और इसके माध्यम से एक साथ दो सिम कार्ड सक्रिय रखे जा सकते हैं। इस फैमिली प्लान में अनलिमिटेड कॉलिंग और डेली एसएमएस के साथ 105GB डेटा दिया जाता है, लेकिन कंपनी के नए ऐलान के बाद अब इन ग्राहकों को भी अनलिमिटेड डेटा की सुविधा मिलेगी।
