कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भव्य तैयारियां

एक लाख लोग करेंगे योगाभ्यास
कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। योग गुरु बाबा रामदेव कल 40 हजार बच्चों सहित एक लाख लोगों को योगाभ्यास कराएंगे। इस आयोजन में मुख्यमंत्री नायब सैनी और अन्य मंत्री तथा विधायक भी शामिल होंगे। योग महोत्सव के लिए ब्रह्मसरोवर को सजाया गया है।
सुबह 4 बजे अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य
आज कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। डीसी नेहा सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को सुबह 4 बजे तक योग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। लोगों के बैठने के लिए 100 सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें हर सेक्टर में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक सेक्टर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इस कार्यक्रम को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने का लक्ष्य रखा गया है।
आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके साथ ही ब्रह्मसरोवर और उसके आस-पास पुलिस बल तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। ब्रह्मसरोवर पर पुलिस प्रशासन द्वारा बैरिकेडिंग की गई है। शहर के अन्य स्थानों पर भी पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
ब्रह्मसरोवर पर वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध
प्रशासन ने आज से दो दिन के लिए ब्रह्मसरोवर पर वाहनों की एंट्री बंद कर दी है। इसके अलावा, कार्यक्रम के दिन 21 जून को कुरुक्षेत्र में सभी बड़े वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध रहेगा।