कृषि विभाग ने रेवाड़ी में विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की

कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य
- टीमें बनाकर किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए किया जा रहा है प्रेरित
(Charkhi Dadri News) रेवाड़ी। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने रेवाड़ी जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करने के लिए विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान 12 जून तक चलेगा।
किसानों के साथ संवाद
कृषि विभाग के उप निदेशक विजेंद्र अहलावत ने बताया कि इस अभियान के तहत रेवाड़ी जिले के विभिन्न गांवों जैसे खुसपुरा, बालधन खुर्द, परखोतमपुर, निखरी, मसानी, खटावली, गिंदोखर, किशनगढ़ और बालावास में चार टीमों ने लगभग 900 किसानों के साथ संवाद किया। विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञों ने किसानों को मत्स्य पालन, बागवानी, कृषि यंत्र, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, जैविक खाद आदि के बारे में जानकारी दी।
उप-निदेशक ने आगे बताया कि यह अभियान 12 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान किसानों को पानी और मिट्टी की जांच, खेती से संबंधित पोर्टल, और ऑनलाइन प्रसारित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि किसान अपने संसाधनों का उपयोग करके अधिक फसल उत्पादन करें और अपनी आय में वृद्धि करें। इस कार्य में ग्राम पंचायतों का भी सहयोग लिया जा रहा है।