क्या फिर से भड़केगा इजरायल-ईरान युद्ध? सीजफायर के बाद मिसाइल हमले की चिंता

इजरायल और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ा
Iran Attack Israel: इजरायल और ईरान के बीच 12 दिनों तक चले संघर्ष के बाद, अमेरिका की मध्यस्थता से सीजफायर लागू हुआ। लेकिन, कुछ ही घंटों में स्थिति फिर से बिगड़ने लगी। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के अनुसार, मंगलवार को युद्धविराम के दो घंटे बाद ईरान ने फिर से मिसाइलें दागी, जिससे उत्तरी इजरायल में सायरन बजने लगे।
सीजफायर से पहले, ईरान ने कतर में स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर सीमित जवाबी मिसाइल हमला किया था। इसके बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तावित युद्धविराम योजना पर दोनों देशों ने सहमति जताई थी। लेकिन अब स्थिति फिर से तनावपूर्ण होती दिख रही है।
🚨 Sirens sounding in northern Israel due to missile fire from Iran 🚨 pic.twitter.com/woGhqD7VCK
— Israel Defense Forces (@IDF) June 24, 2025
सीजफायर के तुरंत बाद मिसाइलों का हमला
इजरायली सेना ने बताया कि युद्धविराम लागू होने के केवल दो घंटे बाद ही ईरान ने मिसाइलें दागी। इसके परिणामस्वरूप उत्तरी इजरायल में खतरे के सायरन बजने लगे। इजरायल डिफेंस फोर्सेज़ ने X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि "उत्तरी इजरायल में सायरन बजे।" यह तब हुआ जब ईरान से इजरायल की ओर दागी गईं मिसाइलों की पहचान की गई। IDF ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे तुरंत निकटवर्ती बम शेल्टरों में शरण लें।
ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ सीजफायर
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्यस्थता की। रविवार को अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया, जिसके बाद ईरान ने कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर जवाबी हमला किया। इसके कुछ घंटों बाद ट्रंप ने युद्धविराम की घोषणा की।
यह सीजफायर वैश्विक स्तर पर राहत लेकर आया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, सोने की चमक भी कम हुई, और वैश्विक शेयर बाजारों में उछाल देखने को मिला।
क्या युद्ध फिर भड़क उठेगा?
इजरायल द्वारा मिसाइलों की पहचान और सायरनों के बजने की पुष्टि के बाद यह आशंका जताई जा रही है कि यह युद्धविराम ज्यादा समय तक नहीं टिकेगा। फिलहाल, ईरान की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन इजरायल की सेना पूरी तरह सतर्क है और जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार बताई जा रही है।