चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर बम विस्फोट, सुरक्षा बढ़ाई गई
चंडीगढ़ में बम विस्फोट की घटना
नई दिल्ली। बुधवार को शाम पांच बजे पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में एक बम विस्फोट हुआ। यह विस्फोट सेक्टर-37 में भाजपा कार्यालय के बाहर हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। जैसे ही विस्फोट की सूचना मिली, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, दमकल विभाग और पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। विस्फोट के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विस्फोट के समय एक स्कूटी भाजपा मुख्यालय के बाहर खड़ी थी, जिसमें जोरदार धमाका हुआ। हालांकि, इस घटना में किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। चंडीगढ़ की एसएसपी और आईजी पुष्पेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कूटी किसकी थी। भाजपा कार्यालय के अंदर भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। फॉरेंसिक टीम भी नमूने एकत्र कर रही है। इस घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
