चीन में पूर्व मेयर को भ्रष्टाचार के मामले में मौत की सजा, 13,500 किलोग्राम सोना बरामद
चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई
बीजिंग: चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हाइहौ शहर के पूर्व मेयर झांग छी को बड़े भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई गई है। जांच के दौरान उसके निवास से जो सामग्री बरामद हुई, उसने सभी को चौंका दिया।
देश का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार मामला: एक न्यूज वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, जब जांच एजेंसियों ने पूर्व मेयर के अपार्टमेंट पर छापा मारा, तो वहां से लगभग 13,500 किलोग्राम सोना और ₹3,400 करोड़ के बराबर नकद बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में सोना और नकदी किसी सरकारी अधिकारी के घर से मिलना चीन के इतिहास में एक असाधारण घटना मानी जा रही है। इसके अलावा, उसकी लग्जरी रियल एस्टेट संपत्तियां और महंगी कारों का संग्रह भी जब्त किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि झांग छी ने 2009 से 2019 के बीच अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी ठेके दिलाने और भूमि सौदों को मंजूरी देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से रिश्वत ली। इस दौरान उसने अवैध रूप से सैकड़ों अरब रुपये की संपत्ति जमा की।
अदालत ने झांग छी को सरकारी धन के गबन, पद के दुरुपयोग और गंभीर भ्रष्टाचार का दोषी ठहराया। फैसले में कहा गया कि उसने जनता के विश्वास को तोड़ा और राज्य को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इसी आधार पर उसे मौत की सजा सुनाई गई। यह मामला चीन के इतिहास में सबसे विवादास्पद भ्रष्टाचार विरोधी मामलों में से एक माना जा रहा है।
