जालंधर में बीएसएफ चौक के पास धमाका, एक घायल
जालंधर में धमाके से मची अफरातफरी
जालंधर - पंजाब के जालंधर में मंगलवार को बीएसएफ चौक के निकट एक टू-व्हीलर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि दोपहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर आग लग गई। घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वाहन बैटरी से संचालित था और संभवतः बैटरी के फटने के कारण यह हादसा हुआ।
हालांकि, घटनास्थल पर बिखरे मलबे और आसपास के भवनों के शीशे टूटने की घटनाओं ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। धमाके की तीव्रता को देखते हुए अन्य संभावनाओं को भी नकारा नहीं किया जा रहा है।
पुलिस थाना घटनास्थल के निकट होने के कारण पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है और जांच एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
