तेलंगाना में घरेलू विवाद के चलते पति की हत्या, पत्नी गिरफ्तार
कामारेड्डी में हुई खौफनाक घटना
कामारेड्डी। तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साधारण घरेलू विवाद ने भयानक रूप ले लिया। रात के खाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने कथित तौर पर पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी लक्ष्मी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
खाने को लेकर विवाद ने लिया जानलेवा मोड़
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार रात लगभग 9 बजे हुई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय कोडंडम शिवाजी के रूप में हुई है, जो स्क्रैप का काम करता था। बताया गया है कि शिवाजी ने अपनी पत्नी लक्ष्मी से चिकन न बनाने को लेकर झगड़ा शुरू किया। शुरुआत में परिवार के कुछ सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया। लेकिन उनके जाने के बाद विवाद फिर से भड़क उठा।
गुस्से में किया गया जानलेवा हमला
झगड़ा बढ़ने पर लक्ष्मी ने घर में रखी दरांती उठाई और शिवाजी के गर्दन पर वार कर दिया। हमले के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, अत्यधिक खून बहने से शिवाजी ने दम तोड़ दिया।
परिवार में पहले भी होते थे विवाद
मृतक के बड़े भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि शिवाजी और लक्ष्मी की शादी लगभग छह साल पहले हुई थी और उनकी दो बेटियां हैं। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे और कई बार परिवार के बुजुर्गों को बीच-बचाव करना पड़ा था।
