दिल्ली की मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा किया
मुख्यमंत्री का अस्पताल दौरा
- मरीजों के सम्मानजनक इलाज पर जोर, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश
- दिव्यांगजनों को दिव्य अटल अवार्ड व सहायक उपकरण प्रदान किए
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज दिलशाद गार्डन में स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और चिकित्सा व्यवस्थाओं, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मरीजों से बातचीत की और डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ तथा स्वास्थ्यकर्मियों से भी चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान, मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, उपकरणों की कार्यशीलता और मरीजों की सुविधाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधारों के लिए निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ बातचीत की और उनसे अस्पताल में मिल रहे इलाज और सेवाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों के साथ हर स्तर पर संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को उपचार के दौरान प्राथमिकता और अतिरिक्त देखभाल प्रदान करने की बात कही, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजीकरण, जांच, उपचार और दवाइयों की उपलब्धता से लेकर वार्ड और आईसीयू तक, हर चरण पर इन वर्गों के मरीजों के लिए सहयोगात्मक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मरीजों को सुरक्षा, भरोसे और अपनत्व का अनुभव भी मिलना चाहिए। दिल्ली सरकार का उद्देश्य ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली विकसित करना है, जहां हर नागरिक, विशेषकर बुजुर्ग और महिलाएं, सम्मान और संवेदना के साथ इलाज प्राप्त कर सकें।
दिव्यांगजनों को दिए ‘दिव्य अटल अवार्ड और सहायक उपकरण
अस्पताल के निरीक्षण के बाद, मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के 101वें जन्मदिवस के अवसर पर 'मां शक्ति संस्था' द्वारा दिव्यांगजनों के लिए आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनों को सम्मानित करते हुए दिव्य अटल अवार्ड प्रदान किए। इसके साथ ही, दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगभग 133 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी दिए गए, ताकि वे अपने दैनिक कार्य बिना किसी पर निर्भरता के कर सकें और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की और कहा कि सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही एक संवेदनशील और सशक्त दिल्ली का निर्माण संभव है।
