दिल्ली में 300 नई इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ, ईवी प्रोत्साहन पोर्टल फिर से सक्रिय
दिल्ली में नई इलेक्ट्रिक बसों का आगाज
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को इंद्रप्रस्थ बस डिपो से 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही, 2023 से बंद पड़ा ईवी प्रोत्साहन पोर्टल फिर से शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम राजधानी की परिवहन प्रणाली को नई दिशा देगा और यात्रियों के लिए यात्रा को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सरल बनाएगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह से उत्सर्जन-मुक्त बनाना है। इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या में तेजी से वृद्धि की जा रही है। नई ईवी बसों के जुड़ने से दिल्लीवासियों को सुरक्षित, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा का अनुभव मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में 2000 से अधिक ईवी बसें दिल्ली परिवहन निगम के बेड़े में शामिल की गई हैं, जिससे दिल्ली देश के उन अग्रणी शहरों में शामिल हो गई है जहां सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं।
नई बसों के जुड़ने से राजधानी में कनेक्टिविटी में सुधार होगा, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं सीमित थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शहर के हर कोने तक आधुनिक और स्वच्छ परिवहन सुविधाएं पहुंचाई जाएं।
इस अवसर पर नानकसर से गाजियाबाद के बीच नई अंतरराज्यीय बस सेवा की भी शुरुआत की गई, जिससे दिल्ली और एनसीआर के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, डीटीसी के नए कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया गया, जो परिवहन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा की कि वर्ष 2023 से बंद पड़ा ईवी प्रोत्साहन पोर्टल फिर से शुरू किया गया है। इसके तहत 12,877 लाभार्थियों को लगभग 24 करोड़ रुपए की लंबित सब्सिडी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से उनके खातों में भेजी गई है।
इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक तरविंदर सिंह मारवाह और कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सरकार की यह पहल दिल्ली को स्वच्छ, हरित और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
