दिल्ली सचिवालय में हिंदी पखवाड़ा समारोह का आयोजन

हिंदी पखवाड़ा समारोह का आयोजन
नई दिल्ली - दिल्ली सचिवालय के सभागार में आज काव्य पाठ, विचार-विमर्श और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से हिंदी पखवाड़ा मनाया गया। यह कार्यक्रम कला, संस्कृति और भाषा विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी हमारी पहचान और गर्व की भाषा है। उन्होंने बताया कि यदि संस्कृत हमारी जड़ है, तो हिंदी वह मजबूत तना है, जिससे अन्य भाषाएं विकसित होती हैं। विदेशी भाषाएं सीखना महत्वपूर्ण है, लेकिन हमें अपनी भाषा के प्रति कभी भी संकोच नहीं करना चाहिए। जैसे माँ का स्थान कोई नहीं ले सकता, वैसे ही हिंदी का स्थान भी कोई अन्य भाषा नहीं ले सकती।
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा 2025’ अभियान में विशेष योगदान देने वाले उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि लोग अपने-अपने तरीके से देश सेवा में योगदान दे रहे हैं। देशभक्ति केवल बड़े कार्यों से नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की छोटी-छोटी जिम्मेदारियों से भी जुड़ी होती है, जैसे स्वच्छता बनाए रखना, नियमों का पालन करना और सार्वजनिक स्थलों का सम्मान करना।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने नागरिक उत्तरदायित्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक निरंतर चलने वाला दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमें अपने आचरण और व्यवहार से समाज और राष्ट्र की स्वच्छ छवि बनाए रखनी चाहिए। नागरिकों को केवल ‘क्या करना है’ की सूची नहीं बनानी चाहिए, बल्कि ‘क्या नहीं करना है’ की सूची भी बनानी चाहिए और उसे अनुशासनपूर्वक पालन करना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कवियों, लेखकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा और संस्कृति वे सूत्र हैं, जो हमें एक साथ जोड़ते हैं और हमारे राष्ट्र को और मजबूत बनाते हैं।