दिल्ली सरकार ने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी

दिल्ली और पंजाब का गहरा संबंध
-दिल्लीवासियों का समर्थन और स्नेह, राहत सामग्री नहीं: रेखा गुप्ता
-दिल्ली सरकार ने पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये भेजे
नई दिल्ली: पंजाब में आई भयंकर बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दिल्ली सरकार ने कदम बढ़ाया है। रविवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय से बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री के कई ट्रक रवाना किए गए। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सामग्री केवल सामान नहीं, बल्कि दिल्ली के लोगों का स्नेह और समर्थन है, जो पंजाब के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राहत सामग्री में खाद्यान्न, पीने का पानी, कपड़े, तिरपाल, दवाइयां, सैनिटरी किट, बच्चों के लिए दूध पाउडर और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को तेजी से संचालित किया गया ताकि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द मदद पहुंच सके।
रेखा गुप्ता ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की राशि भेजी है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की जरूरतों के अनुसार दिल्ली हर संभव सहायता देने के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री से बात कर भरोसा दिलाया कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते, दिल्ली पंजाब का साथ देती रहेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब केवल पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश को ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। प्राकृतिक आपदा के इस समय में हमें एक-दूसरे का हाथ थामकर चलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनसे हमने सीखा है कि जब विश्व के किसी देश में आपदा आती है तो भारत कैसे उसके साथ खड़ा होता है। उसी भावना से दिल्ली सरकार पंजाब की हर संभव मदद कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब को देश का नवरत्न राज्य बताते हुए कहा कि इसने हमेशा देश और दुनिया का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर पंजाब की जनता को इस आपदा से शीघ्र उबारें और उन्हें सामान्य जीवन में लौटने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मां भारती की कृपा और सभी के सहयोग से पंजाब जल्द ही इस आपदा से उबरकर विकास और खुशहाली की राह पर आगे बढ़ेगा।