नोएडा से मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान धमकी देने वाला गिरफ्तार

गणेश उत्सव के दौरान मिली धमकी
समाचार :- शनिवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा से मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान एक धमकी मिली थी। अब इस धमकी देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का नाम अश्विन कुमार शुक्ला है, जिसकी उम्र 50 वर्ष है। वह बिहार के पटना का निवासी है और पिछले पांच वर्षों से नोएडा में रह रहा था। वह ज्योतिष और वास्तु शास्त्र का कार्य करता था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने गुरुवार रात मुंबई पुलिस को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था। इस संदेश में उसने दावा किया कि लश्कर ए जिहादी के 14 आतंकवादी मुंबई में घुस चुके हैं और उन्होंने 400 किलो आरडीएक्स एक गाड़ी में छिपा रखा है। वह एक बड़ा विस्फोट करने की योजना बना रहे हैं, जिससे एक करोड़ लोगों की जान जा सकती है।
आरोपी को नोएडा के सेक्टर 79 स्थित एक सोसायटी से गिरफ्तार किया गया है। नोएडा पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर मुंबई गई है। पुलिस ने उसके फोन और सिम कार्ड को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग उसने धमकी देने के लिए किया था। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है।