पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जापान में 500 करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित किया
मुख्यमंत्री भगवंत मान का जापान दौरा
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने जापान यात्रा के तीसरे दिन प्रदेश के लिए 500 करोड़ रुपये का निवेश सुनिश्चित किया है। इस निवेश में जापान की स्टील कंपनी आइची स्टील ने वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ अपने सहयोग को बढ़ाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आइची स्टील और वर्धमान स्पेशल स्टील्स के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया, क्योंकि आइची स्टील कॉर्पोरेशन, जो टोयोटा की स्टील शाखा के रूप में जानी जाती है, ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने बताया कि आइची स्टील की वर्धमान में पहले से लगभग 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जो पंजाब के औद्योगिक परिदृश्य में एक मजबूत भारत-जापान साझेदारी का प्रतीक है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापान की प्रमुख स्टील कंपनी पंजाब में भविष्य की फैक्ट्री संचालन का अध्ययन करेगी, जिसमें 500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश का मूल्यांकन शामिल है। उन्होंने वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ आइची स्टील की साझेदारी को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मौजूदा जापानी कंपनियों को उनके कारोबार और संचालन के विस्तार में सहायता करना पंजाब की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आइची ग्रुप का तकनीकी सहयोग और वर्धमान ग्रुप की विशेषज्ञता प्रदेश में औद्योगिक क्रांति का नया युग शुरू करेगी।
भगवंत सिंह मान ने आइची को 13-15 मार्च, 2026 को मोहाली में होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण दिया, ताकि गहन भागीदारी और विस्तारित निवेश को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब के विकास को दर्शाता है, जिसमें प्रमुख औद्योगिक दिग्गजों को एक मंच पर लाकर साझेदारी और सहयोग के नए अवसर प्रस्तुत किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना और निवेशकों के लिए एक स्थिर तथा विश्वसनीय माहौल बनाना है। उन्होंने जापानी उद्योग के साथ पंजाब के संबंधों को मजबूत बताते हुए कहा कि कई बड़ी जापानी कंपनियों ने पंजाब में अपना भरोसा जताया है।
भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह साझेदारी जापानी निवेशकों के पंजाब में विश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को उजागर कर रही है और जापानी उद्योग के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को और गहरा कर रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब आज भारत के सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक है और भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बी.आर.ए.पी.) 2024 रैंकिंग में पंजाब को अग्रणी के रूप में मान्यता दी है। यह उपलब्धि प्रदेश सरकार द्वारा कारोबार को सुगम बनाने, पारदर्शिता और जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित करने को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि यह दूरंदेशी सोच है, जो नीति में स्थिरता, समय पर निर्णय लेना और निवेशकों के समय तथा विश्वास का सम्मान करने वाली शासन प्रणाली प्रदान करती है, ताकि पंजाब को वैश्विक स्तर पर उद्योग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब ने अपने बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए औद्योगिक क्षमता का विस्तार किया है और निवेश के नए रास्ते खोले हैं।
