पंजाब में दमड़ी यात्रा का शुभारंभ, मंत्री ने गुरु रविदास जी की शिक्षाओं पर जोर दिया
दमड़ी यात्रा का आयोजन
जालंधर: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं भलाई मंत्री मोहिंदर भगत और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने आज संत निर्मल दास जी, संत प्रगट नाथ और अन्य संतों के नेतृत्व में दमड़ी यात्रा को विशेष ट्रेन के माध्यम से स्थानीय सिटी रेलवे स्टेशन से हरिद्वार के लिए रवाना किया। इस अवसर पर विधायक चब्बेवाल डा. ईशांक कुमार और जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह भी उपस्थित थे।
कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में लोगों से आग्रह किया कि वे श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाएं ताकि समानतावादी समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने मानवता को प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया है। उनकी शिक्षाएं हमेशा जनता का मार्गदर्शन करेंगी, जो जाति, धर्म और नस्ल के भेदभाव से ऊपर उठने का संदेश देती हैं।
श्री भगत ने बताया कि गुरु रविदास जी का यह सर्व-सांझीवाला संदेश दुनिया के हर कोने में पहुंचाने के लिए पंजाब सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को बड़े धूमधाम से मनाने के लिए व्यापक कार्यक्रम तैयार कर रही है।
पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने दमड़ी यात्रा के लिए संगतों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी कौम हमेशा आगे बढ़ती है और तरक्की करती है, जब वह अपने गुरुओं और संतों को याद रखती है और उनके दिखाए मार्ग पर चलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार हमारे महान गुरुओं और संतों के मार्ग पर चलते हुए हर वर्ग की भलाई और खुशहाली के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर संत सतविंदर हीरा, बहन संतोष, 'आप' नेता राजविंदर कौर थियाड़ा, दिनेश ढल्ल और संत समाज के कई सदस्य उपस्थित थे।
