पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, राहत कार्यों की निगरानी के लिए मंत्रियों की नियुक्ति

कैबिनेट मंत्री का बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ प्रभावित एरिया का लिया जायजा, कहा, प्रभावित लोगों तक सीधी पहुंच और राहत कार्यों की निगरानी के लिए मुख्यमंत्री ने 8 कैबिनेट मंत्रियों की लगाई ड्यूटी
चंडीगढ़/फिरोजपुर/तरनतारन : पंजाब के कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित फिरोजपुर जिले के गांव टैंडी वाला, गजनी वाला और धीरा घारा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। बरिंदर कुमार गोयल ने आश्वासन दिया कि मान सरकार फसलों और संपत्ति के नुकसान की भरपाई करेगी।
मंत्री के साथ विधायक भी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक फिरोजपुर शहरी रणबीर सिंह भुल्लर, विधायक फिरोजपुर ग्रामीण रजनीश कुमार दहिया और विधायक गुरुहरसहाय फौजा सिंह सरारी भी उपस्थित रहे। तरनतारन के दौरे के दौरान, बरिंदर कुमार गोयल के साथ कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी थे। उन्होंने हरिके हेडवर्क्स से निवाण की ओर सतलुज नदी पर बने धुस्सी बांध का दौरा किया। दोनों मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और कुत्तीवाल, घड़ुंम, बस्ती लाल सिंह, सभरा, गदाईके, गट्टी हरिके आदि गांवों के प्रभावित लोगों और किसानों की समस्याएं सुनीं।
प्रशासनिक टीमें लोगों के बीच रहेंगी
कैबिनेट मंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि डीसी, एसएसपी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बाढ़ पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाएं और राशन उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही, पशुधन की देखभाल सुनिश्चित करने और बदलती स्थिति पर नजर रखने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
बाढ़ रोकथाम कार्यों पर खर्च किए गए 276 करोड़
गोयल ने बताया कि बाढ़ रोकथाम कार्यों पर पंजाब सरकार ने 276 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसके अलावा, बांधों पर मिट्टी से भरे बोरे रखे गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत उपयोग किया जा सके। हरिके हेडवर्क्स के निरीक्षण के दौरान, दोनों कैबिनेट मंत्रियों ने बताया कि इस समय हरिके हेडवर्क्स पर 11,600 क्यूसेक पानी बह रहा है, 20,000 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ा जा रहा है और 96,000 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम चल रहा है। गोयल ने हुसैनीवाला हेड पर डिप्टी कमिश्नर दीपसिखा शर्मा, एसएसपी भुपिंदर सिंह सिद्धू, मुख्य इंजीनियर (ड्रेनेज) हरदीप सिंह मैंदीरत्ता और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और राहत कार्यों की समीक्षा की।