पंजाब में बारिश से बाढ़ की स्थिति, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
पंजाब में बाढ़ की स्थिति
उत्तर भारत के कई राज्यों में हो रही लगातार बारिश के कारण पंजाब के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। मौसम विभाग ने पंजाब में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। हाल की बारिश के बाद, पंजाब के विभिन्न जिलों में तापमान में काफी गिरावट आई है।अमृतसर से गुजरने वाली सबरन ब्रांच नहर रईया के पास ओवरफ्लो हो गई है, जिससे तीन गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बचाव कार्य शुरू किया है। जहां पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में पहुंचा, वह क्षेत्र देर रात तक भरा रहा। अमृतसर के डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि प्रशासन की टीम स्थानीय लोगों की मदद से इस चुनौती का सामना करने में सफल रही।
इसके अलावा, होशियारपुर में हिमाचल प्रदेश से आने वाली नदियां और नाले उफान पर हैं। भंगी-चो नाला भी उफान पर बह रहा है। पुलिस ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे बड़े पुलों का उपयोग करें और उफनती नदियों-नालों को पार न करें।
पंजाब में तापमान सामान्य से नीचे
पंजाब के अधिकांश जिलों में कल बारिश हुई, जिसमें अमृतसर में 14 मिमी, लुधियाना में 18 मिमी, पटियाला में 1 मिमी, होशियारपुर में 62 मिमी, मोहाली में 14.5 मिमी, पठानकोट में 4 मिमी, रूपनगर में 10.5 मिमी और एसबीएस नगर में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बारिश के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में 3.3 डिग्री की गिरावट आई, जिससे तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री कम हो गया।
शनिवार को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में कल और शनिवार को भी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, इसके बाद मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में वृद्धि देखी जा सकती है।