पटना में गंगा नदी में नाव पलटने से तीन की मौत, चार लापता
गंगा नदी में नाव पलटने का हादसा
पटना, बिहार: गुरुवार सुबह पटना के बाढ़ अनुमंडल में गंगा नदी में एक गंभीर दुर्घटना हुई। उमानाथ क्षेत्र में एक नाव पलटने से हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में तीन व्यक्तियों की डूबने से मृत्यु हो गई, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं। वहीं, सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30), श्रवण महतो (36) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। श्रवण और काशी पिता-पुत्र थे। इस घटना में राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी सहित कई लोग घायल हुए हैं। सभी लोग बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 5:45 बजे 14 लोग नाव से समस्तीपुर के सुल्तानपुर दियारा गए थे। वहां से खेती और सब्जी का काम निपटाकर लौटते समय तेज हवा और अधिक सवारियों के कारण नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही नाव धारा में पहुंची, वह डगमगाने लगी और कुछ ही क्षणों में पानी में समा गई। तेज बहाव के कारण कई लोग नदी में बह गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के मल्लाह और स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद पड़े और सात लोगों की जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और लापता लोगों की खोज में जुट गई। प्रारंभिक जांच में नाव पर सुरक्षा इंतजामों की कमी भी सामने आई है।
