पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने T20 वर्ल्ड कप में हार के बाद खिलाड़ियों पर लगाया जुर्माना
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन
इस्लामाबाद: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खराब प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों पर कार्रवाई की जा रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम के निराशाजनक खेल को लेकर सख्त कदम उठाते हुए हर खिलाड़ी पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है। यह कदम टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद उठाया गया है, और बोर्ड खिलाड़ियों से यह राशि वसूल करेगा।
पाकिस्तान टीम सुपर-8 चरण में ही बाहर हो गई थी, जो कि लगातार चौथा ICC टूर्नामेंट है जिसमें टीम सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, PCB ने विश्व कप में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 16 लाख भारतीय रुपये) का जुर्माना लगाया है।
यह राशि खिलाड़ियों के लिए काफी बड़ी मानी जा रही है, खासकर जब टीम पहले से ही आलोचनाओं का सामना कर रही है। बताया जा रहा है कि यह रकम खिलाड़ियों की सैलरी, मैच फीस या अन्य भुगतानों से काटी जाएगी। इसे PCB की नई नीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें प्रदर्शन को आर्थिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट में खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार जुर्माने की राशि ने इसे खासा चर्चा में ला दिया है।
टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने अपने सभी मैच श्रीलंका में खेले, लेकिन घरेलू जैसी परिस्थितियों का लाभ नहीं उठा सका। टीम ने नीदरलैंड्स पर 3 विकेट से जीत के साथ शुरुआत की, हालांकि यह मुकाबला काफी करीबी रहा। इसके बाद अमेरिका को 32 रन से हराया, लेकिन भारत के खिलाफ 61 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम सुपर-8 में पहुंचने में सफल रही।
सुपर-8 चरण में पाकिस्तान का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया। इंग्लैंड ने 2 विकेट से हराया, जबकि श्रीलंका के खिलाफ जीत के बावजूद खराब नेट रन रेट के कारण पाकिस्तान अगले दौर में जगह नहीं बना सका।
