पीटरबरो में भारत हिंदू समाज मंदिर के भविष्य पर संकट
पीटरबरो में मंदिर का अस्तित्व खतरे में
पूर्वी ब्रिटेन के पीटरबरो शहर में स्थित 'भारत हिंदू समाज मंदिर' और कम्युनिटी सेंटर के भविष्य पर संकट के बादल छा गए हैं। स्थानीय पीटरबरो सिटी काउंसिल (PCC) ने उस भवन को बेचने का निर्णय लिया है, जिसका उपयोग मंदिर पिछले 40 वर्षों से किराए पर कर रहा है। इस निर्णय के बाद, 13,000 से अधिक हिंदुओं की आस्था का केंद्र बंद होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
मंदिर प्रशासन ने पीटरबरो सिटी काउंसिल से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है। इस महीने की शुरुआत में काउंसिल की कैबिनेट बैठक में कहा गया कि "संपत्ति की बिक्री से करदाताओं के लिए सर्वोत्तम मूल्य सुनिश्चित करना उनकी कानूनी जिम्मेदारी है।"
मंदिर ने एक बयान में कहा, "हम भारत हिंदू समाज से जुड़े भवन की बिक्री की कड़ी निंदा करते हैं। समुदाय द्वारा स्थापित संस्था को बिना पारदर्शिता या सहमति के बंद दरवाजों के पीछे नहीं बेचा जाना चाहिए।"
बयान में आगे कहा गया, "यह केवल संपत्ति का मामला नहीं है, बल्कि यह विरासत, विश्वास और जवाबदेही का भी है। समुदाय को जवाब पाने का अधिकार है, गोपनीयता का नहीं। इस निर्णय पर सवाल उठाए जाने चाहिए और इसका विरोध किया जाना चाहिए।"
हिंदू काउंसिल यूके, जो ब्रिटिश हिंदुओं का प्रतिनिधित्व करती है, ने लेबर पार्टी के नेतृत्व वाली पीटरबरो सिटी काउंसिल पर आरोप लगाया है कि उसने मंदिर के "सामाजिक प्रभाव मूल्य" को नजरअंदाज किया है और भारत हिंदू समाज को इसका स्वामित्व हस्तांतरित करने की प्रतिबद्धता को अनदेखा किया है।
