पुरानी कार ने महिला को दिलाई लॉटरी में 47 लाख रुपये की जीत
महिला की लॉटरी जीतने की अनोखी कहानी
नई दिल्ली - अमेरिका में एक महिला की किस्मत ने उसे उस पुरानी कार से जोड़ा, जिसे वह हटाना चाहती थी। मैरीलैंड की इस महिला ने अपने पति की पुरानी कार की नंबर प्लेट से प्रेरित होकर लॉटरी टिकट खरीदा और चौंकाने वाली 47 लाख रुपये की राशि जीत ली।
सेंट मैरी काउंटी की निवासी इस महिला ने लंबे समय से अपने पति से घर के बाहर खड़ी पुरानी कार को बेचने या हटाने की गुहार लगाई थी। उनका कहना था कि यह कार अब बहुत खराब हो चुकी थी और घर के सामने देखने में अच्छी नहीं लगती थी। हालांकि, उनके पति उस गाड़ी को अपने पुराने दिनों की याद बताकर रखना चाहते थे। एक दिन महिला ने कार की नंबर प्लेट पर लिखे पांच अंकों पर ध्यान दिया और मजाक में सोचा कि क्यों न इन नंबरों को लॉटरी में आजमाया जाए। इसके बाद उन्होंने ‘पिक 5’ लॉटरी गेम में लगातार उन्हीं नंबरों का उपयोग करना शुरू कर दिया।
लगभग एक साल तक उन नंबरों पर टिकट खरीदने के बाद, आखिरकार उनकी किस्मत खुल गई। मोहॉक ड्राइव स्थित एक स्टोर से खरीदा गया टिकट महिला को सीधे 50 हजार डॉलर यानी लगभग 47 लाख रुपये का विजेता बना गया। जब उन्हें जीत की सूचना मिली, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। महिला ने बताया कि जिस कार को वह बेकार समझती थीं, वही अब उनके लिए लकी साबित हुई है। उन्होंने मजाक में कहा कि अब शायद वह अपने पति से उस कार को हटाने के लिए कभी नहीं कहेंगी।
इनामी राशि के बारे में महिला ने बताया कि वह सबसे पहले घर के जरूरी बिल चुकाएंगी और बाकी पैसे अपने पोते-पोतियों की खुशियों पर खर्च करेंगी। परिवार के लिए खास गिफ्ट खरीदने की भी उनकी योजना है। दिलचस्प बात यह है कि इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद भी महिला का लॉटरी खेलने का शौक खत्म नहीं हुआ है। उनका कहना है कि ‘पिक 5’ अब उनका पसंदीदा गेम बन चुका है और वह आगे भी अपनी किस्मत आजमाती रहेंगी।
