बिहार पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
बिहार में सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका
पटना: बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना आई है। केंद्रीय चयन पर्षद (सीएसबीसी) ने बिहार पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल (ऑपरेटर/स्पेशल ब्रांच/जीडी) के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 993 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 1 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती की अधिसूचना 23 फरवरी 2026 को जारी की गई थी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी और अंतिम तिथि के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए, अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर आवेदन करें।
भर्ती के लिए आवश्यक योग्यता
इस भर्ती में कॉन्स्टेबल (ऑपरेटर, स्पेशल ब्रांच और जीडी) के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 (इंटरमीडिएट) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
आयु सीमा और छूट
आयु सीमा 1 अगस्त 2026 के अनुसार निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष और महिला अभ्यर्थियों के लिए आयु 18 से 25 वर्ष रखी गई है। पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुषों को 27 वर्ष और महिलाओं को 28 वर्ष तक की छूट दी गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्गों को सरकार के नियमानुसार अतिरिक्त छूट भी मिलेगी।
चयन प्रक्रिया के चरण
बिहार पुलिस कॉन्स्टेबल ऑपरेटर भर्ती की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षा (PST/PET) के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चरण में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा। सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
वेतन और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-3 वेतनमान के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह का वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार के नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। नियुक्ति बिहार राज्य के विभिन्न जिलों और इकाइयों में की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए केंद्रीय चयन पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर बिहार पुलिस या स्पेशल ब्रांच से संबंधित लिंक पर क्लिक कर "Advt. No. 01/2026 – Apply Online for Constable Operator" विकल्प चुनना होगा। इसके बाद वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से पंजीकरण करना होगा।
युवाओं के लिए अवसर
पंजीकरण के बाद आवेदन शुल्क जमा करना होगा और निर्धारित प्रारूप में फोटो व हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। सभी जानकारी सही भरने के बाद आवेदन पत्र जमा कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना आवश्यक है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता, परीक्षा पैटर्न और अन्य निर्देश अभ्यर्थी आधिकारिक अधिसूचना में देख सकते हैं। बिहार पुलिस में नौकरी पाने का यह युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
