बेटी ने सुरक्षा के लिए घर में लगाया CCTV, माता-पिता का प्यार देखिए इस भावुक वीडियो में
दिल को छू लेने वाला वीडियो
नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर कई बार ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो दिल को छू लेते हैं। हाल ही में एक ऐसा भावुक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी आंखों में आंसू आ सकते हैं। एक बेटी, जो नौकरी के कारण अपने माता-पिता से दूर दूसरे शहर में रह रही है, ने उनकी सुरक्षा के लिए घर में एक सीसीटीवी कैमरा लगवाया। लेकिन उसे यह नहीं पता था कि यह कैमरा उसके और उसके माता-पिता के बीच प्यार और बातचीत का एक अनमोल जरिया बन जाएगा।
कैमरे के सामने माता-पिता का प्यार
इस वीडियो को शिवानी शुक्ला नाम की युवती ने अपने इंस्टाग्राम पर साझा किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि शिवानी के माता-पिता हर दिन उस सीसीटीवी कैमरे के सामने खड़े होकर अपनी बेटी से इशारों में बात करते हैं। वे कैमरे की तरफ देखते हैं, हाथ हिलाते हैं और पूछते हैं, 'बेटा, खाना खाया?', 'ठीक हो ना?' और 'काम कैसा चल रहा है?'। कभी मां कैमरे की तरफ फ्लाइंग किस देती हैं, तो कभी पिता मुस्कुराते हुए खड़े रहते हैं, जैसे उनकी बेटी उनके सामने हो। शिवानी ने इस अनुभव को साझा करते हुए लिखा कि घर में सीसीटीवी कैमरा लगवाना उनका सबसे अच्छा निर्णय था।
View this post on Instagram
वीडियो कॉल पर सवालों का जवाब
जब इस वीडियो के वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए कि वे सीधे वीडियो कॉल क्यों नहीं करते, तो शिवानी ने स्पष्ट किया कि वह नाइट शिफ्ट में काम करती हैं, जिससे परिवार से संपर्क करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता के पास स्मार्टफोन है और वे उसे अच्छे से चला सकते हैं। वह उन्हें दिन में दो बार कॉल और हफ्ते में एक-दो बार वीडियो कॉल करती हैं। लेकिन जब वह काम पर होती हैं, तो कैमरे के जरिए जुड़ना उनके माता-पिता को खुशी और सुकून देता है।
यूजर्स की भावनाएं
इस वीडियो ने लाखों लोगों को भावुक कर दिया है। एक यूजर ने लिखा, 'यार, मैं रो नहीं रही... सच में!' वहीं एक अन्य ने कहा, 'यह सुनिश्चित कर लो कि वे तुम्हें उतना ही देख सकें जितना तुम उन्हें देख सकती हो, क्योंकि वे इसे तुमसे ज्यादा चाहते हैं।' कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि इस वीडियो के बाद सीसीटीवी कैमरों का स्टॉक खत्म होने वाला है। इस वीडियो ने साबित कर दिया है कि तकनीक कभी-कभी दूरियों को मिटाकर इंसानी जज्बातों को जोड़ने का बेहतरीन जरिया बन सकती है।
