बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में तेजी, निफ्टी भी चढ़ा
पश्चिम एशिया में संघर्ष के थमने का असर
मुंबई। पश्चिम एशिया में पिछले 40 दिनों से चल रही लड़ाई के समाप्त होने के बाद, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और निफ्टी में जोरदार उछाल देखने को मिला। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 2946 अंक यानी 3.95 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 77,563 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 874 अंक यानी 3.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो 23,997 पर समाप्त हुआ। बुधवार के व्यापार में ऑटो, रियल्टी और बैंकिंग शेयरों में अधिक खरीदारी हुई। निफ्टी के ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी इंडेक्स में भी वृद्धि दर्ज की गई।
भारत समेत एशिया के सभी बाजारों में बुधवार को तेजी का माहौल रहा। जापान, दक्षिण कोरिया, और हॉन्गकॉन्ग जैसे देशों के बाजारों में तीन से पांच प्रतिशत या उससे अधिक की वृद्धि देखी गई। उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात अमेरिका और ईरान के बीच 40 दिनों से चल रहे संघर्ष पर दो हफ्तों के लिए विराम लगाने पर सहमति बनी। यह सीजफायर पाकिस्तान और चीन की मध्यस्थता के बाद संभव हुआ।
